गिरिडीह: औरंगाबाद में शादी समारोह के दौरान चोरी हुआ करीब 45 हजार रुपये कीमत का OnePlus मोबाइल फोन लगभग नौ महीने बाद गिरिडीह में बरामद किया गया। मोबाइल मिलने के बाद बोकारो निवासी विवेक सिंह ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही गिरिडीह नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
शादी समारोह में चोरी हुआ था 15 दिन पुराना OnePlus फोन
विवेक सिंह के मुताबिक, वह अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने औरंगाबाद गया था। शादी के दौरान होटल में सोने के समय उसका OnePlus मोबाइल चोरी हो गया। उस वक्त फोन महज 15 दिन पुराना था और इसकी कीमत करीब 45 हजार रुपये थी।
विवेक ने चोरी की घटना को लेकर 1 दिसंबर 2025 को औरंगाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका दावा है कि उसी शादी समारोह में चार-पांच मोबाइल फोन चोरी हुए थे, जिनमें दूल्हे के पिता का मोबाइल भी शामिल था।
फरवरी में चोरी की जानकारी मिलने का आरोप
विवेक का आरोप है कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि मोबाइल चोरी करने वाला युवक गिरिडीह की रहने वाली एक महिला गुड़िया का बेटा है। उनका कहना है कि महिला को कथित तौर पर फरवरी में ही मोबाइल चोरी होने की जानकारी मिल गई थी, लेकिन इसके बावजूद फोन वापस नहीं किया गया।
मोबाइल छुड़ाने के नाम पर मांगे गए पैसे
विवेक के अनुसार, पिछले करीब एक सप्ताह से महिला से मोबाइल को लेकर बातचीत चल रही थी। बातचीत के दौरान पहले बताया गया कि फोन एक दुकानदार के पास है और उसे छुड़ाने के लिए 5 हजार रुपये देने होंगे। बाद में कथित तौर पर यह रकम बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दी गई।
इसके बाद महिला ने खुद पैसे देकर मोबाइल छुड़ाने और बाद में रकम लेने की बात कही।
सांई मंदिर के पास सौंपा गया मोबाइल
सोमवार को महिला ने विवेक को बरमसिया स्थित सांई मंदिर के पास बुलाया और मोबाइल सौंप दिया। फोन मिलने के बाद विवेक ने जांच की तो उसमें मौजूद पूरा डेटा डिलीट कर फोन को रिसेट किया हुआ पाया।
विवेक का कहना है कि नौ महीने बीतने के कारण मोबाइल की बाजार कीमत भी काफी कम हो चुकी है। उन्होंने पुलिस से उस दुकान तक ले जाने की मांग की है, जहां कथित तौर पर मोबाइल बेचे जाने की बात सामने आई है।
नगर थाना पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया
मोबाइल बरामद होने की सूचना मिलने के बाद गिरिडीह नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में मोबाइल चोरी करने वाले युवक की भूमिका समेत फोन के दुकानदार तक पहुंचने की कड़ी की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। शिकायतकर्ता ने चोरी के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ मोबाइल से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की मांग की है।





