बिहार के नवादा मुख्य मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गिरिडीह जिले के एक ट्रक मालिक की मौ,त हो गई। हादसे में ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के बिशनपुर निवासी संजय यादव के रूप में हुई है। वहीं घायल चालक मुकेश यादव बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा गांव के रहने वाले हैं।
ब्रेक फेल होने के बाद सड़क किनारे खड़ा किया था ट्रक
जानकारी के अनुसार, संजय यादव और मुकेश यादव एक ट्रक में छड़ लोड कर बिहार के नवादा गए थे। वहां माल उतारने के बाद दोनों ट्रक से वापस गिरिडीह लौट रहे थे।
ट्रक में अचानक आई खराबी
नवादा मुख्य मार्ग पर अचानक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। चालक मुकेश यादव ने किसी तरह ट्रक को नियंत्रित करते हुए सड़क किनारे खड़ा किया। इसके बाद संजय यादव और मुकेश यादव ट्रक से बाहर निकलकर उसमें आई तकनीकी खराबी को ठीक करने लगे।
पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अन्य ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय यादव और मुकेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
धनबाद ले जाने के दौरान संजय यादव ने तोड़ा दम
परिजन दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में संजय यादव की हालत अचानक बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।
इसके बाद परिजन संजय यादव के शव को लेकर गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचे। वहीं घायल मुकेश यादव को भी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
संजय यादव की मौ,त की खबर मिलते ही जमुआ थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि संजय यादव अपने पीछे पत्नी और करीब दो एवं पांच वर्ष के दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों तथा दुर्घटना में शामिल ट्रक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।





