NEET पेपर लीक मामले में कांग्रेस का सड़क पर प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
गिरिडीह: देशभर में चर्चा का विषय बने NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शुक्रवार को गिरिडीह में कांग्रेस जिला कमेटी एवं युवा कांग्रेस जिला कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और टावर चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन की शुरुआत शहर के झंडा मैदान से हुई, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। इसके बाद रैली झंडा मैदान से निकलकर टावर चौक और कालीबाड़ी चौक होते हुए पुनः टावर चौक पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और प्रधानमंत्री का पुतला जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
“धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” के नारों से गूंजा शहर
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “NEET परीक्षा में हुई धांधली बंद करो” और “छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” जैसे नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा पेपर लीक ने देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है, जिसकी नैतिक जिम्मेदारी केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को लेनी चाहिए।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग
वक्ताओं ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियां युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। कांग्रेस ने मांग की कि पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और प्रभावित छात्रों को न्याय मिले।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के हितों की अनदेखी की गई तो कांग्रेस आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और भी व्यापक आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में ये नेता रहे मौजूद
इस विरोध-प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अजय सिन्हा मंटू, प्रदेश प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह, पूर्व युवा जिला अध्यक्ष संतोष राय, राजा अंसारी, चांद रशीद, शमशाद, साहिल, सद्दाम पप्पू, सिकंदर अंसारी सहित कांग्रेस जिला कमेटी, युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।













