गिरिडीह, प्रतिनिधि। गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत धनयडीह पंचायत के गुरो गांव में शनिवार को अचानक हुए वज्रपात की घटना में चार महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि एक महिला को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरो गांव निवासी 58 वर्षीय बसंती देवी, 48 वर्षीय कामता देवी, 54 वर्षीय रध्या देवी तथा 42 वर्षीय देवंती देवी खेत में काम करने गई थीं। दोपहर के समय अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश और आंधी से बचने के लिए चारों महिलाएं खेत से अपने घर की ओर लौटने लगीं।
बताया जाता है कि जैसे ही महिलाएं बसंती देवी के घर के समीप पहुंचीं, उसी दौरान अचानक जोरदार वज्रपात हो गया। वज्रपात की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चारों महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं और मौके पर ही गिर पड़ीं।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों की सहायता की। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे, जिसके बाद सभी महिलाओं को आनन-फानन में उपचार के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया।
इस हादसे में देवंती देवी को अपेक्षाकृत कम चोटें आई हैं, जबकि बसंती देवी, कामता देवी और रध्या देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। चिकित्सकों की निगरानी में तीनों का इलाज जारी है।
घटना के बाद गुरो गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि बारिश, आंधी और वज्रपात के दौरान खेतों एवं खुले स्थानों में काम करने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।












