सरिया, गिरिडीह: सरिया थाना क्षेत्र के झंडा चौक में शुक्रवार देर शाम एक ज्वेलरी कारोबारी से लाखों रुपये मूल्य के आभूषणों की छिनतई का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक कृष्णा स्वर्णकार के पुत्र सचिन सोनी रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद कर जेवरात से भरा बैग लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से पीछा कर रहे तीन बाइक सवार अपराधियों ने मौका पाकर उनसे बैग छीन लिया और फरार हो गए।
पीड़ित सचिन सोनी ने बताया कि बैग में करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। अपराधियों ने पीछे से उनकी बाइक में धक्का मार दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। जब तक वह खुद को संभाल पाते, बदमाश जेवरात से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही सरिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष फागू पंडित भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष फागू पंडित ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि शहरी क्षेत्र में इस तरह की वारदात दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा कर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं और पुलिस गश्ती बढ़ाने की आवश्यकता है।












