Giridih News | जमुआ: गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत नवडीहा ओपी के चोरगत्ता गांव में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक परिवार की वर्षों की जमा-पूंजी पर हाथ साफ करते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और चर्चा का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।
गर्मी के कारण छत पर सो रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, चोरगत्ता गांव निवासी मदन चौधरी के घर में यह घटना देर रात हुई। गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य घर की छत पर सो रहे थे। इसी का फायदा उठाते हुए चोर घर के पीछे से छज्जे के रास्ते छत पर पहुंचे और फिर घर के अंदर प्रवेश कर गए।
बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले मुख्य दरवाजा खोला और इसके बाद घर में रखे कीमती जेवरात, नकदी और जमीन से जुड़े जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए।
बहुओं और बेटियों के जेवर भी चोरी
पीड़ित फुलवा देवी, संतोष कुमार चौधरी और रिंकू देवी ने बताया कि चोरी हुए जेवरों में परिवार की बहुओं के अलावा दो बेटियों के गहने भी शामिल थे। परिवार के अनुसार चोरी हुए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है।
घटना के बाद घर से लगभग 200 मीटर दूर एक बक्सा और जेवर रखने का खाली डिब्बा बरामद हुआ है। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर सामान लेकर भागने के दौरान कुछ वस्तुएं रास्ते में फेंक गए होंगे।
जमीन के कागजात की चोरी ने बढ़ाई चिंता
परिवार का कहना है कि यह मामला केवल जेवर और नकदी की चोरी तक सीमित नहीं है। सबसे बड़ी चिंता जमीन से जुड़े मूल दस्तावेजों की चोरी को लेकर है। पीड़ित परिवार का मानना है कि जमीन के कागजात चोरी होना किसी सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करता है।
परिवार ने बताया कि गांव के कुछ लोगों के साथ वर्ष 2007 से भूमि विवाद चल रहा है और इसी कारण उन्होंने कुछ लोगों पर संदेह भी जताया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नवडीहा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नवडीहा ओपी प्रभारी सबिता कुमारी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आवेदन मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
फिलहाल पीड़ित परिवार प्रशासन से चोरी हुए जेवरात, नकदी और जमीन के महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद करने की मांग कर रहा है। वहीं पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।











