गिरिडीह जिला तैलिक साहू सभा के द्वारा हुट्टी बाजार के साहू समाज भवन में गुरुवार को एक प्रेस वार्ता की गई।प्रेस वार्ता को जिला अध्यक्ष बाल गोविंद साहू तथा महासचिव धर्म प्रकाश ने संबोधित किया।मौके पर जिलाध्यक्ष बाल गोविंद साहू ने कहा कि दानवीर भामाशाह ने देश को मुगलों से बचाने के लिए महाराणा प्रताप को अपना समस्त धनसंपदा दान कर दिया था। ऐसे महान विभूति की जयंती 23 अप्रैल को राजकीय अवकाश घोषित किया जाए। तेल का व्यापार साहू समाज के लोगों का पुश्तैनी व्यापार है, लेकिन वर्तमान समय में यह व्यापार हाशिए पर है ।झारखंड राज्य में हमारी आबादी भी अधिक है। इसलिए छत्तीसगढ़ राज्य के तर्ज पर झारखंड राज्य में भी तेल घाणी बोर्ड का गठन होना चाहिए ताकि यह व्यापार पुनः जीवित हो सके।
महासचिव धर्म प्रकाश ने कहा कि मंडल कमीशन के तहत पूरे देश में 27% आरक्षण अन्य पिछड़ा वर्ग को दिया गया। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि झारखंड राज्य में 56% आबादी होने के बावजूद 27% आरक्षण को कम कर 14% कर दिया गया। जो संवैधानिक अधिकारों का हनन है। इसलिए गिरीडीह जिला तैलिक साहू सभा राज्य सरकार से मांग करती है कि अन्य पिछड़ा वर्ग को 27% आरक्षण दिया जाए । विगत वर्षों में कोरोना महामारी के कारण लोगों का जीवन काफी प्रभावित हुआ है। सभी वर्ग के लोगों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति खराब हुई है। विशेषकर खुदरा व्यापारी वर्ग इसे काफी प्रभावित हुए हैं। कोरोना काल में सरकार के द्वारा जो भी राहत पैकेज की घोषणा की गई थी, उसका लाभ खुदरा व्यापारी वर्ग को नहीं मिला इसलिए हम लोग सरकार से मांग करते हैं कि खुदरा व्यापारी वर्ग के लोगों का ₹ 1 लाख तक का बैंक ऋण माफ किया जाए।
इस आशय का मांग पत्र मुख्यमंत्री झारखंड राज्य को भेजा जा रहा है।
प्रेस वार्ता में वरीय उपाध्यक्ष शुकदेव प्रसाद साहू, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार गुप्ता, संगठन सचिव देवेंद्र कुमार गुप्ता, महिला प्रकोष्ठ के संयोजिका सुचिता देवी, नगर अध्यक्ष सत्य प्रकाश साहा, कोर कमेटी सदस्य देवराज, कार्यकारिणी सदस्य अजीत कुमार सोनू, सीताराम साहू , श्याम सुंदर गुप्ता, निरंजन साहू आदि उपस्थित थे।










