गिरिडीह: गिरिडीह सदर अस्पताल से गुरुवार को एक राहत भरी खबर सामने आई है। अब अस्पताल में फिर से अल्ट्रासाउंड की सुविधा बहाल कर दी गई है। अस्पताल प्रबंधन ने दोपहर 2 बजे इसकी जानकारी दी और बताया कि अब मरीजों को इस जरूरी जांच के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
पहले डॉक्टरों की कमी के कारण यह सेवा बंद कर दी गई थी, जिससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन अब दोबारा से अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू हो गई है, जिससे खासकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, जहां प्राइवेट अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर एक बार की जांच के लिए करीब 1500 रुपए वसूले जाते हैं, वहीं अब सदर अस्पताल में महज 500 रुपए में यह सुविधा उपलब्ध होगी।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि सुबह 8 बजे से 11 बजे तक अल्ट्रासाउंड विशेषज्ञों की मौजूदगी में यह सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।
इस फैसले से गिरिडीह और आसपास के ग्रामीण इलाकों के मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।