रिपोर्ट :- विकास सिन्हा
गावां थाना क्षेत्र के चरकी चांदनी चूल्हा वाटरफॉल में रविवार को दोस्तों के साथ स्नान करने गए एक किशोर की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में कोहराम मच गया है। बताया जाता है कि प्रखंड के माल्डा निवासी उत्तम कुमार उम्र 17 वर्ष पिता गुड्डू तिवारी अपने कुछ दोस्तों के साथ नहाने के लिए घर से 12 किमी दूर चरकी के चांदनी चूल्हा वाटरफॉल गया था। इस दौरान डूबने से उसकी मौत हो गई। जिसके बाद साथ में गए दोस्तों ने इसकी जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ साथ उनके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही निमाडीह मुखिया प्रतिनिधि पंकज यादव, माल्डा मुखिया प्रतिनिधि दिनेश पांडेय सहित परिजन व कई ग्रामीण स्थल पर पहुंचे और शव की खोजबीन करने लगे। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद चट्टानों के बीच शव बरामद किया गया। मृतक के शरीर पर कई चोट के निशान व नाक से झाग निकलते देख इसकी सूचना गावां थाना प्रभारी सूरज कुमार को दी गई। सूचना पर थानेदार सूरज कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल में जुट गए। समाचार लिखे जाने तक शव घटना स्थल पर ही पड़ा हुआ था।