मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गादी गंवारो चंद्रीकला जाने वाले पथ के किनारे ढलान में संदिग्ध परिस्थिति में पड़े एक शव को पुलिस ने मंगलवार को बरामद किया।शव की पहचान चंद्रीकला टोला निवासी 45 वर्षीय ईश्वर हेंब्रम के रूप में की गई है। पुलिस ने मृतक के स्वजनों व आसपास के लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की। इसके बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। ईश्वर अपनी बाइक से गिरिडीह आया था और देर रात तक वापस घर नहीं लौटा तो स्वजनों ने खोजबीन की। इस क्रम में सड़क किनारे उसकी बाइक गिरी हुई मिली और ढलान में करीब दस फीट नीचे ईश्वर मृत अवस्था में पड़ा था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मृतक के गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया हुआ है। इस आधार पर पुलिस इसे हत्या व दुर्घटना जैसी दोनों बिंदुओं को केंद्र में रखकर जांच करने में जुटी है। मामले को प्रेम प्रसंग व जमीन विवाद दोनों से जोड़ा जा रहा है। पुलिस मृतक की पत्नी जेना हेंब्रम समेत अन्य स्वजनों से पूछताछ कर रही है।
इस संबंध में थानेदार बिनय कुमार राम ने बताया कि बीती रात चंद्रीकला मैदान के आगे पथ के किनारे से एक शव बरामद किया गया। शव की पहचान कर ली गई है। उसके शरीर पर कई जख्म के निशान भी हैं। ऐसे में हत्या व दुर्घटना दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ विशेष कहा जा सकता है।