डुमरी के रंगामाटी स्तिथ क्षितिज हॉस्पिटल में 2 मार्च को एक महिला ने 3 बच्चों को जन्म दिया। प्रसूता की आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं रहने की वजह से हॉस्पिटल के संचालक अशोक कुमार ने इसके अस्पताल खर्च की राशि में काफी रियायत दी। साथ ही इसे वस्त्र,मिठाई और ढेर सारी शुभकामनाएं देकर गुरुवार को विदा किया।बताया गया कि जन्म लेने वाले तीनों बच्चे स्वस्थ हैं और तीनों का वजन भी सामान्यतः ठीक है। बताया गया कि इनमें से दो लड़की और एक लड़का है। जानकारी दी गई कि बोकारो के पेंक गांव निवासी तुलसी सिंह की पत्नी अनीता देवी को प्रसव पीड़ा के बाद क्षितिज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। यहां कुशल चिकित्सकों की देखरेख में तीनों बच्चों की सफल डिलीवरी करवाई गई थी। क्योंकि यह घटना सामान्य नहीं थी, इस वजह से क्षितिज हॉस्पिटल के संचालक अशोक कुमार ने खुद मामले को अपनी निगरानी में रखा और विदाई के वक्त कपड़े मिठाई देते हुए तीनों बच्चों को अपना आशीर्वाद भी दिया।मौके पर आशीष कुमार ,प्रशांत कुमार, विनय कुमार, विक्रम कुमार, प्रदीप कुमार आदि मौजूद थे।