झारखंड में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों यानी 9 से 11 नवंबर तक राज्यभर में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की चेतावनी जारी की है। रांची, बोकारो, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, चतरा, पलामू और गढ़वा जैसे जिलों में ठंड का असर ज्यादा रहेगा। वहीं, सुबह-शाम घना कोहरा और दिन के समय ठंडी हवाओं के चलने से ठिठुरन बढ़ने की संभावना जताई गई है।
विभाग के अनुसार, 10 और 11 नवंबर को कई हिस्सों में शीत लहर चलने की स्थिति बन सकती है। इससे लोगों को ठंड का एहसास पहले से कहीं अधिक होगा। विशेष रूप से घाटी और खुले इलाकों में न्यूनतम तापमान तेजी से नीचे जा सकता है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि इस साल अधिक वर्षा के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लंबे समय तक ठंड में रहने से सर्दी, खांसी, बुखार और फ्लू जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। विशेषज्ञों ने कहा है कि बच्चों और बुजुर्गों को विशेष ध्यान में रखते हुए गर्म कपड़ों का प्रयोग करें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। साथ ही किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने की सलाह दी गई है।











