झारखंड में इस बार छठ महापर्व के दौरान मौसम श्रद्धालुओं के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण 24 से 27 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। रांची मौसम केंद्र ने इसके लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़ और जामताड़ा में 25 और 26 अक्टूबर को मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है।
मध्य और दक्षिणी जिलों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। सिमडेगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा और धनबाद में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है, जिससे राज्य में ठंड का असर महसूस होने लगेगा।
हालांकि, 28 अक्टूबर तक मौसम धीरे-धीरे साफ होने की उम्मीद है। सुबह धुंध रह सकती है, लेकिन दोपहर तक आसमान खुल जाएगा। बारिश के बाद तापमान घटने से सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ सकती है, जबकि दिन में हल्की धूप मौसम सुहावना बनाएगी। रांची में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में भी तापमान समान रूप से दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतते हुए पर्व की तैयारी करने की अपील की है।