झारखंड की राजधानी रांची से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दक्षिण-पूर्व रेलवे ने छह नई जगहों के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। यह प्रस्ताव उपभोक्ता सलाहकार समिति की सिफारिश पर तैयार किया गया है। इसमें रांची से रायपुर, राउरकेला, बेंगलुरु और पुणे (वाया पणवेल) के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की सिफारिश की गई है। वहीं रांची-नई दिल्ली और रांची-एलटीटी (मुंबई) मार्ग पर स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की भी मांग की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, रेलवे ने रांची-वाराणसी वंदे भारत का रूट पहले ही तय कर लिया है। इसके अलावा हटिया-रायपुर और हावड़ा-राउरकेला मार्ग के लिए भी प्रस्ताव दो बार भेजा जा चुका है। रांची-बेंगलुरु, हटिया-पुणे और दिल्ली मार्ग पर स्लीपर वंदे भारत को लेकर रेलवे ने कहा है कि यह बोर्ड का नीतिगत निर्णय होगा। रांची-पुरी वंदे भारत की घोषणा पहले ही की जा चुकी थी, लेकिन फिलहाल योजना ठंडे बस्ते में है। अब नई ट्रेनों के प्रस्ताव से यात्रियों में फिर से उम्मीदें जगी हैं।
त्योहारों के मौसम में रांची से चलने वाली मौजूदा वंदे भारत ट्रेनों की मांग काफी बढ़ गई है। रांची-वाराणसी ट्रेन में 10 नवंबर तक सभी सीटें फुल हैं, जबकि रांची-हावड़ा वंदे भारत में भी 3 नवंबर तक कोई सीट खाली नहीं है। वहीं रांची-पटना ट्रेन फिलहाल सामान्य रूप से चल रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि रेलवे बोर्ड की स्वीकृति मिलते ही रांची से देश के कई प्रमुख शहरों के लिए नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत जल्द हो सकती है।
 
	    	 
                                









 
                

