रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से अब यात्रियों को और बेहतर उड़ान सुविधा मिलने जा रही है। नई समय-सारिणी के तहत अब एयरपोर्ट से कुल 31 विमानों का संचालन होगा, जिनमें 30 विमानों का आगमन और 30 का प्रस्थान शामिल है। सबसे खास बात यह है कि जल्द ही जयपुर से गोवा के लिए वाया रांची नई फ्लाइट सेवा शुरू होगी। यह विमान जयपुर से सुबह 11 बजे रांची पहुंचेगा और 11:40 बजे गोवा के लिए उड़ान भरेगा, जिससे यात्रियों को दोनों राज्यों के बीच सीधी कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा।
नई समय-सारिणी के अनुसार अब रांची से देश के 12 प्रमुख शहरों—दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, अहमदाबाद, पुणे, पटना, भुवनेश्वर, जयपुर और गोवा—के लिए उड़ानें उपलब्ध होंगी। इनमें दिल्ली-रांची रूट पर सबसे अधिक नौ उड़ानें और बेंगलुरु-रांची के बीच सात उड़ानें संचालित की जाएंगी। विंटर शेड्यूल के तहत फ्लाइट संचालन सुबह 7:10 बजे से रात 9:25 बजे तक किया जाएगा, जो 31 दिसंबर तक प्रभावी रहेगा।
इस बीच, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के नए निदेशक विनोद कुमार ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि जयपुर और गोवा वाया रांची सेवा जल्द ही शुरू की जाएगी। एयरपोर्ट के विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण के कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, सुरक्षित लैंडिंग के लिए कैट-2 लैंडिंग सिस्टम लगाने की योजना है, जिसके लिए राज्य सरकार से आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
 
	    	 
                                









 
                

