मुफ्फसिल थाना पुलिस ने अम्बाटांड में हुए फायरिंग कांड का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार दोपहर 3 बजे पपरवाटांड स्थित कार्यालय में एसपी डॉ. विमल कुमार ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी मो. जाकिर अंसारी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, दो खोखा, एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया है। यह घटना पुरानी रंजिश का मामला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम अम्बाटांड निवासी मो. खुर्शीद को गोली मारी गई थी, जिसके बाद उसकी स्थिति गंभीर होने पर धनबाद रेफर किया गया।
घटना के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई और लगातार छापेमारी अभियान चलाकर सभी आरोपियों को दबोच लिया गया। प्रेस वार्ता में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने कहा कि मामले की गहराई से जांच जारी है और जल्द ही अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा।












