गिरिडीह: जिला पुलिस ने पचम्बा थाना क्षेत्र के बोडो में चल रहे एक बड़े देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराया है और इस घिनौने कृत्य में संलिप्त मुख्य आरोपी महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक (SP) गिरिडीह को गुप्त सूचना मिली थी कि बोडो स्थित एक किराए के मकान में नाबालिग लड़कियों को डरा-धमकाकर और उनके साथ मारपीट कर जबरन देह व्यापार कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर तुरंत एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया। पीड़िताओं ने पुलिस को बताया कि क्रांति देवी नामक महिला उन्हें बंधक बनाकर, मारपीट कर इस धंधे में धकेल रही थी। पीड़िताओं के बयान और आवेदन के आधार पर पचम्बा थाने में मुख्य आरोपी और चार अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी महिला क्रांति देवी (42 वर्ष, पति- राजकुमार शर्मा, ग्राम- बलिया बेड़ा, बिरनी) को दबोच लिया। इसके बाद गहन कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस ने दो अन्य सह-आरोपियों को भी गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान मोहम्मद तौफिक अंसारी (ग्राम- अहारडीह, गाण्डेय) और मुशरफ अंसारी (ग्राम- घाटकुल, गाण्डेय) के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस अनैतिक व्यापार और परिवहन में इस्तेमाल होने वाली एक चार पहिया गाड़ी को भी विधिवत जब्त कर लिया है। पुलिस आगे के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक आर.के. राणा, अंचल पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन कुमार, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार, दीपक कुमार, प्रभात कुमार सहित पचम्बा थाना के सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल थे।











