पचम्बा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी
गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत चकटांड़ गांव स्थित भाजपा कार्यालय के समीप बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गिरिडीह-कोडरमा रेलवे लाइन पर एक युवक का शव बरामद किया गया। शव रेलवे पोल संख्या 98/14 के पास ट्रैक पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
स्थानीय लोगों ने शव की पहचान करने का प्रयास किया और तुरंत इसकी सूचना पचम्बा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान मोहम्मद इरफान के रूप में हुई
काफी देर तक पहचान की कोशिश के बाद मृतक की पहचान सुंदरटांड़ गांव निवासी इसराइल अंसारी के 32 वर्षीय पुत्र मोहम्मद इरफान के रूप में हुई। पहचान होते ही परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे।
पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला था युवक
परिजनों के अनुसार मंगलवार रात मोहम्मद इरफान और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह मानसिक तनाव में था और देर रात घर से निकल गया था। अगले दिन रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की खबर परिवार को मिली।
परिवार का कहना है कि घरेलू विवाद से आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया गया कि मोहम्मद इरफान चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और तीन बेटियों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों की हालत देख मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इस मामले में पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौ,त के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।












