सांस्कृतिक रंगों से जगमगाया गिरिडीह
झारखंड स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष पर शनिवार को शहर के ऐतिहासिक झंडा मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। पूरा मैदान झारखंडी संस्कृति, परंपरागत साज-सज्जा और रंग-बिरंगी थीम से सजा नजर आया।

मुख्य अतिथि के रूप में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मौजूद रहे, जबकि उनके साथ राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार और कई जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्राओं द्वारा स्वागत गीत के साथ हुई, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति और झारखंडी गौरव से भर दिया। मंच पर जिले के आंदोलनकारियों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में आमजन ने भी हिस्सा लिया, जिससे आयोजन और अधिक उत्साहपूर्ण बन गया।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि झारखंड का गठन एक लम्बे संघर्ष और हजारों आंदोलनकारियों की अदम्य इच्छाशक्ति का परिणाम है। उन्होंने बताया कि राज्य अब विकास के 25 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, उद्योग और ग्रामीण उत्थान जैसे क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहा है। मंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए लोगों से राज्य की प्रगति में साझेदार बनने की अपील की।












