गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 और 28 नंबर बस्ती के लोगों ने बुधवार को सुबह 11 बजे पेयजल संकट को लेकर नगर निगम कार्यालय में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले छह माह से लगातार पानी की समस्या झेल रहे लोग अब सब्र की सीमा पार कर चुके हैं।
जनता जागरूकता संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बुजुर्ग हाथों में देगची, बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर नगर निगम पहुंचे और जोर-जोर से बजाते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने निगम प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए जलापूर्ति में सुधार की मांग की।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनी और समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।












