गिरिडीह के यात्रियों के लिए खुशखबरी है। हटिया-आसनसोल एक्सप्रेस ट्रेन अब नियमित रूप से चलाई जाएगी। कोडरमा-हजारीबाग रेलखंड पर कथीतिया स्टेशन के निर्माण कार्य के चलते 22 से 24 नवंबर तक इस ट्रेन का संचालन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया था, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। न्यू गिरिडीह स्टेशन मास्टर संतोष कुमार ने बताया कि अब 25 नवंबर से ट्रेन का परिचालन पुनः बहाल कर दिया गया है।
न्यू गिरिडीह के रास्ते चलने वाली यह ट्रेन रांची के हटिया से पश्चिम बंगाल के आसनसोल तक पूर्व निर्धारित समय पर चलेगी। ट्रेन हजारीबाग, कोडरमा, धनवार, जमुआ, न्यू गिरिडीह, महेशमुंडा, मधुपुर, जामताड़ा और चितरंजन होते हुए दोनों दिशाओं में यात्रियों को सुविधा प्रदान करेगी। इससे गिरिडीह समेत कई जिलों के यात्रियों की कनेक्टिविटी सुगम हो जाएगी।
रेलवे ने बताया कि कोडरमा-हजारीबाग रेलखंड पर जारी निर्माण कार्य और तकनीकी कारणों से ट्रेन संख्या 13513 और 13514 को अस्थायी रूप से रद्द किया गया था। निर्माण कार्य में तेजी लाने के बाद अब परिचालन सामान्य कर दिया गया है। ट्रेन के पुनः शुरू होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को राहत मिलेगी।












