शहर के कालीबाड़ी के पास शुक्रवार को नशे के आदी युवक ने एक मजदूर की हत्या कर दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हत्यारे युवक को पकड़ा और नगर थाना को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हत्यारे युवक को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि शास्त्रीनगर का रहने वाला युवक करण सिंह डेंडराइट सहित अन्य नशीली पदार्थों के सेवन का आदी था।

शुक्रवार को सुबह कांटी फैक्ट्री में काम करने वाला शास्त्रीनगर का रहने वाला मजदूर बच्चू रजक काम करने जा रहा था। इसी दौरान शहरी क्षेत्र के कालीबाड़ी के पास करण सिंह ने बच्चू रजक के ऊपर पीछे से रड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में मजदूर बुरी तरह जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल मजदूर को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। वहीं हत्यारे को लोगों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। बताया गया कि हत्यारा को नशे की बुरी लत थी और हमेशा नशीली पदार्थों का सेवन करता था। नशे के कारण ही उसने हत्या जैसी अपराध को अंजाम दिया।