बोडो स्थित श्री साईं हॉस्पिटल बोड़ो में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। जिसके बाद मंगलवार रात 1 बजे तक अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया। मौके पर लोगों ने डॉक्टर के ऊपर लापरवाही का आरोप लगाया। बताया गया कि मंगलवार को गिरीडीह बोड़ो श्री साईं हॉस्पिटल में इलाज के दौरान लगभग 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मौत के बाद परिजन के साथ साथ कुछ समाजसेवियों द्वारा अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गिरीडीह सिविल सर्जन से कमेटी गठित कर मामले की जांच की मांग की गई।

साथ ही साईं हॉस्पिटल के डॉक्टर अरविंद कुमार से घटना की पूरी जानकारी की मांग की। जिसके बाद मामला तनावपूर्ण हो गया। इसकी सूचना पचम्बा थाना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार दल बल के साथ अस्पताल परिषर पहुंचे एंव मामले को शांत कराया। समाजसेवी रॉकी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि गिरीडीह के लगभग सभी अस्पतालों में आये दिन ऐसी घटनाएं घटती जा रही है। लेकिन फिर भी जिला चिकित्सा विभाग मौन है।

उन्होंने सिविल सर्जन से मामले की जांच पड़ताल कर अस्पताल प्रबंधन पर कार्यवाही की मांग की गई है। इधर डॉक्टर अरविंद कुमार ने कहा की अस्पताल या डॉक्टर के द्वारा कोई लापरवाही नही बरती गई है। आगे उन्होंने कहा कि पेशेंट काफी सीरियस हालत में थी। हमलोगों के द्वारा काफी प्रयास किया गया। लेकिन इस दौरान मरीज की मौत हो गई।