गिरिडीह के सदर अस्पताल में शनिवार को दोपहर 2 बजे लचर स्वास्थ्य व्यवस्था का शर्मनाक उदाहरण देखने को मिला, जब पैर से लाचार एक व्यक्ति को आधार अपडेट कराने के लिए ठेले पर बैठाकर ले जाया गया। नगर निगम क्षेत्र के बक्सीडीह रोड के झिंझरी मोहल्ला निवासी सुनील राम 2 सितंबर को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए थे। रांची रिम्स में उनके पैर का ऑपरेशन कर रॉड लगाया गया था और वे नियमित रूप से गिरिडीह सदर अस्पताल में ड्रेसिंग कराने आते हैं।
नर्स ने बीच रास्ते छीनी व्हीलचेयर
आज भी सुनील राम अपनी पत्नी रेणु देवी के साथ अस्पताल पहुंचे थे। बताया गया कि सुनील राम का आयुष्मान कार्ड नहीं रहने के कारण इलाज में परेशानी होती है और उसके लिए आधार अपडेट की आवश्यकता थी। जब रेणु देवी अपने पति को अस्पताल से सटे आधार अपडेट केंद्र ले जा रही थीं, तो अस्पताल की एक नर्स ने बीच रास्ते में आकर व्हीलचेयर छीन ली। नर्स ने कहा—“जैसे ले जाना है वैसे ले जाइए।” मजबूर होकर रेणु देवी ने एक ठेला रुकवाया और उसी में बैठाकर अपने घायल पति को आधार केंद्र तक पहुंचाया।
लोगों ने उठाए सवाल, कार्रवाई की मांग
इस घटना को देखकर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने सदर अस्पताल की अव्यवस्था और कर्मियों की असंवेदनशीलता पर गंभीर सवाल उठाए। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गिरिडीह के मंत्री सुदीब्य सोनू से मामले पर तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है। साथ ही जिला प्रशासन से जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई और अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की अपील की है।












