झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। गुरुडीह पंचायत की सबसे कम उम्र की मुखिया सपना कुमारी पिछले दो दिनों से रहस्यमयी तरीके से लापता हैं। महज 22 साल की उम्र में 2022 के पंचायत चुनाव में जीत दर्ज कर सुर्खियों में आई सपना अपने बेबाक स्वभाव और विकास कार्यों के लिए जानी जाती थीं।
जानकारी के अनुसार, सपना कुमारी 2 अक्टूबर की सुबह अपने घर से निकलीं और फिर कभी वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला। कई घंटे इंतजार के बाद उनके पति आशीष कुमार, जो पहले विदेश में इंजीनियर रह चुके हैं, ने गोमिया थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि मुखिया के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर खोज अभियान शुरू कर दिया गया है।
गांव में इस घटना को लेकर भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सपना कुमारी हमेशा जनता से जुड़ी रहती थीं और किसी से दुश्मनी नहीं थी। वहीं, परिवार के लोग रो-रोकर बुरा हाल में हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द उनकी बरामदगी की मांग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भी सपना कुमारी की तस्वीरें वायरल हो रही हैं, लोग उन्हें जल्द ढूंढ निकालने की अपील कर रहे हैं।
यह घटना न सिर्फ बोकारो बल्कि पूरे झारखंड के लिए चिंता का विषय बन गई है, क्योंकि सपना युवा नेतृत्व की मिसाल मानी जाती थीं। अब देखना होगा कि पुलिस उनकी तलाश में कितनी जल्दी सफलता हासिल करती है?