झारखंड राज्य के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजधानी रांची में 2,800 करोड़ रुपये की लागत से एक विश्वस्तरीय मेडिको सिटी बनाया जाएगा। एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) ने इसके लिए वित्तीय सहायता को हरी झंडी दे दी है। मेडिको सिटी में हृदय, किडनी, लीवर और अन्य जटिल बीमारियों का इलाज किया जाएगा।
मेडिको सिटी रिनपास के पास स्थापित किया जाएगा। इस संबंध में गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में परियोजना की योजना और जल्द शुरू होने वाले निर्माण कार्यों पर चर्चा की गई।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मेडिको सिटी से झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ मरीजों को एक ही छत के नीचे बेहतर इलाज मिलेगा। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता नई ऊंचाई पर पहुंचेगी।
मेडिको सिटी में 12 सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल बनाए जाएंगे। इनमें हृदय, किडनी, लीवर, न्यूरोलॉजी और कैंसर जैसे रोगों के लिए अत्याधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अब झारखंड की जनता को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों या विदेशों का रुख नहीं करना पड़ेगा।