बाबा बैद्यनाथ जी की नगरी देवघर में 15 सितंबर से शाम की दूसरी दिल्ली-देवघर फ्लाइट शुरू हो जाएगी।इसकी बुकिंग इसी सप्ताह से शुरू हो जाएगी। साथ ही, देवघर से हैदराबाद की हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी भी चल रही है, जिसे नवंबर तक शुरू करने की योजना है।इन फ्लाइट्स के शुरू होने से प्रवासी मजदूरों एवं घर से दूर रहने वाले लोगों के लिए त्योहारों में घर तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
सितंबर में बेंगलुरू से देवघर की दूसरी फ्लाइट भी शुरू होगी, जो शाम में उड़ान भरेगी। इसके अलावा दुर्गापूजा के बाद मुंबई-देवघर की रोजाना हवाई सेवा भी शुरू होगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इन दोनों फ्लाइट के स्लॉट बढ़ाने की मंजूरी भी दे दी है, जिससे यात्रियों की सुविधा में और बढ़ोतरी होगी।
आने वाले महीने सितंबर से देवघर से गुवाहाटी की हवाई सेवा शुरू हो जाएगी,जिससे सत्संग आश्रम आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ उत्तर-पूर्व भारत के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के प्रस्ताव पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इंडिगो को इस रूट पर उड़ान भरने की मंजूरी दे दी है। बीते करीब छह महीने से देवघर-गुवाहाटी फ्लाइट का प्रस्ताव पाइपलाइन में था, जिसे अब हरी झंडी मिल गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इस सेवा को शुरू करने के लिए सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं।इन सभी नई सेवाओं से देवघर हवाई अड्डा झारखंड का एक अहम एविएशन हब बनकर उभरेगा।
इन सुविधाओं से सम्मेद शिखर पारसनाथ, बासुकिनाथ, मंदार, रिखिया पीठ, विक्रमशिला, चंपापुरी सहित आसपास के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों की पहुँच और आसान हो जाएगी, जिससे देवघर एक प्रमुख यात्रा और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा।