गिरिडीह
नगर निगम के सफाई कार्य में लगी आकांक्षा कंपनी के मजदूरों ने बुधवार सुबह 10 बजे कंपनी गेट पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मजदूरों का आरोप है कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार को लेकर उन्होंने एक दिन का अवकाश लिया था, लेकिन जब वे आज काम पर लौटे, तो प्रबंधन ने उनकी एक दिन की हाजरी काटने की बात कही।
मजदूरों ने बताया कि यह छुट्टी उन्होंने सम्मानजनक कारण से ली थी, लेकिन इसके बावजूद कंपनी प्रबंधन ने बिना सहानुभूति के उनकी उपस्थिति को अस्वीकार कर दिया। इससे आक्रोशित होकर उन्होंने कुछ समय के लिए कार्य का बहिष्कार करते हुए कंपनी गेट पर नारेबाजी की और प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया।
वहीं, कंपनी प्रबंधन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि झारखंड सरकार की ओर से प्राइवेट कंपनियों को बंद रखने का कोई आधिकारिक निर्देश नहीं था। ऐसे में कंपनी ने नियम के अनुसार मजदूरों की हाजरी काटी है।
इस घटना के बाद मजदूरों में नाराजगी का माहौल बना हुआ है। वे चाहते हैं कि भविष्य में ऐसे मामलों में सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लिया जाए। फिलहाल प्रदर्शन कुछ समय बाद समाप्त हो गया और स्थिति सामान्य हो गई।