गिरिडीह में शनिवार को पहली बार 75 मीटर लंबे तिरंगे के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा नेत्री शालिनी वैशख्यार के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों और गिरिडीह के आम नागरिकों के सहयोग से आज़ादी के अमृत महोत्सव के के उपलक्ष्य में यह यात्रा झंडा मैदान से निकली। इस यात्रा में 75 मीटर लम्बे तिरंगे को हाथों में थाम कर सभी झंडा मैदान से पदयात्रा के लिए निकले और शहर के टावर चौक, कचहरी, मकतपुर, कालीबाडी मौलाना आज़ाद चौक, शिव मुहल्ला, मुस्लिम बाजार होते हुए बड़ा चौक पहुंचें।
यात्रा में झांकी भी निकाली गयी जिसमे रानी लक्ष्मी बाई ,भारत माता के रथ की अगुआई कर रही थी। सभी ने पुरे यात्रा में जोर शोर से वन्दे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाए। इस दौरान भाजपा नेत्री शालिनी ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव किसी एक का न होकर सभी भारतवासी का है। इसे हम सभी को एक राष्ट्रीय पर्व की तरह मानना चाहिए। इस यात्रा में भारी संख्या में लोग शामिल हुए।