Giridih News: गावां क्षेत्र के परसौनी गांव के एक कुएं से तीन दिनों से लापता वृद्ध का शव सोमवार शाम बरामद हुआ। मंगलवार को 2 बजे मृतक के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया गया। मृतक की पहचान भुवनेश्वर राय के रूप में की गई।बताया गया कि शाम कों कुएं में शव होने की सूचना मिलते ही गावां थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह सदलबल गांव पहुंचे और शव को कुएं से निकलवा कर उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार भुवनेश्वर राय की नतनी का बीते गुरुवार को जन्मदिन था। जन्मदिन मना भुवनेश्वर शुक्रवार सुबह शौच जाने की बात कह घर से निकले और अचानक गायब हो गये। मृतक की तीन पुत्री एवं दो पुत्रों समेत परिवार के अन्य लोगों ने उनकी सभी सम्भावित स्थानों पर तलाश किया। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया। सोमवार की शाम जब सिंचाई के लिए लोग कुएं में डीजल मशीन लगा पानी निकाल रहे थे तब लोगों की नजर कुएं में पड़े शव पर गई। कुएं में गायब भुवनेश्वर राय का शव मिलने से गांव में कोहराम मच गया।
परिजनों ने इसकी सूचना गांवा थाना की पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। घटना के बाबत थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक 3 दिन से गायब था। लेकिन परिजनों ने थाने में इसकी कोई जानकारी नहीं दी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की अनुसंधान करने में जुटी है।