रिपोर्ट:- विकास सिन्हा
गावां थाना क्षेत्र के माल्डा निवासी अनुज कुमार ने गावां पुलिस के एएसआई संजय कुमार पर समझौता कराने को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया। मारपीट से उसके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अनुज कुमार ने बताया कि वह माल्डा में एक बाइक रिपेयरिंग की दुकान में मजदूरी का कार्य करता है और बुधवार को घरेलू विवाद में उसका पत्नी के साथ बहस और मारपीट हो गया था। जिसके बाद उसकी पत्नी ने गावां थाना में उसके खिलाफ शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद दोनों पक्षों को समझौते के लिए गावां थाना बुलाया गया। मगर उसकी पत्नी के नहीं आने के कारण वह 4 घंटे से अधिक थाना में बैठा रहा। उसने बताया कि इस दौरान खाना खाने जाने के लिए उसने गावां थाना के सहायक पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार से अनुमति मांगा किंतु उनके द्वारा उसे मार पीट किया गया। पीड़ित मजदूर ने पुलिस के वरीय अधिकारियों से न्याय का गुहार लगाया है।
इस बाबत सहायक पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार ने बताया की पति पत्नी के बीच हुए विवाद को लेकर उसे थाना बुलाया गया था। जिसका समझौता गावां थाना प्रभारी सूरज कुमार के द्वारा किया गया है। मेरे ऊपर लगाए गए सारे आरोप गलत और बेबुनियाद है।