नक्सली कांड का कुख्यात आरोपी मिथलेश मंडल और इनके तीन साथी को गिरिडीह पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। रविवार को डीसी ऑफिस स्थित अपने कार्यालय से प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी एसपी दीपक कुमार शर्मा ने दी। मिथलेश मंडल इन दिनों डकैती की घटना को अंजाम दे रहा था। नया गिरोह भी गठित कर चुका था और एक घर में डकैती भी कर चुका था। एसपी ने बताया कि 19 मार्च की रात को ताराटांड थाना इलाके के पिंडरिया नवादा गांव निवासी हेमलाल मंडल के घर डकैती हुई थी। एक दर्जन से अधिक अपराधियों ने बकरा व्यवसायी हेमलाल मंडल के घर धावा बोला था और लगभग पांच लाख की डकैती की थी। एसपी ने बताया कि इस घटना के बाद सदर एसडीपीओ बिनोद रवानी को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं गांडेय इंस्पेक्टर कमाल खान के नेतृत्व में ताराटांड थाना प्रभारी मुकेश पंडित, अहिल्यापुर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह, गांडेय थाना प्रभारी रघुनाथ सिंह, अनुसंधानकर्ता सुशांत कुमार चिरंजीवी के साथ टेक्निकल सेल की टीम ने अनुसंधान प्रारम्भ किया। इस छानबीन में यह साफ हुआ कि जेल से जमानत पर बाहर नक्सली मिथलेश मंडल ने नया गिरोह बनाया है, उसने ही इस घटना को अंजाम दिया है। जिसके बाद पुलिस ने पुख्ता जानकारी मिलने के बाद विशेष टीम ने मिथलेश का गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कई नक्सली कांड का आरोपी रहा है। मिथलेश मंडल इन दिनों डकैती की घटना को अंजाम दे रहा था।