झारखंड सरकार ने महिला दिवस पर राज्य की 38 लाख महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मंईयां सम्मान योजना के तहत आज से महिलाओं के खातों में 7500 रुपए ट्रांसफर होने शुरू हो जाएंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि होली और रमजान को ध्यान में रखते हुए यह राशि समय से पहले दी जा रही है।
सरकार ने सभी पात्र लाभुकों के बैंक खातों में पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (PFMS) के जरिए पैसे भेजने की व्यवस्था की है। इससे हजारों महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और वे त्योहारों की खुशियों में शामिल हो सकेंगी। शनिवार से शुरू हुई यह प्रक्रिया होली से पहले पूरी हो जाएगी। महिला दिवस पर सरकार की यह पहल महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान लाने का काम करेगी!
