पेट्रोल पम्प के मालिक से रंगदारी मांगने व पम्प के कर्मियों को धमकी देने के मामले में नगर थाना पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। शुक्रवार को 4 बजे नगर थाना में प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी डीएसपी मुख्यालय में डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने दी। गिरफ्तार अपराधियों में पचम्बा थाना क्षेत्र के बनखंजो निवासी सोहेल अंसारी उर्फ़ नेटी व शाहिद अंसारी, बोडो निवासी मो. एहसान अंसारी व नगर थाना क्षेत्र के न्यू चूड़ी मुहल्ला का रहने वाला मो. एहसान अंसारी शामिल है। डीएसपी श्री सिंह ने बताया कि बीते 14 अक्टूबर की रात को शहर के बस स्टैंड रोड स्थित हैप्पी पेट्रोल पम्प में कुछ अपराधी पहुंचे और पम्प के कर्मियों से पांच हजार रूपये छिन लिया और फिर कर्मियों को और पम्प के मालिक प्रमोद कुमार से रंगदारी की मांग की।
इस मामले को लेकर पम्प के कर्मी विजय विश्वकर्मा के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी। अज्ञात अपराधकर्मी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी। नगर थाना द्वारा कांड के त्वरित उद्भेदन हेतु एक टीम का गठन कर सीसीटीवी फुटैज के आधार पर एवं तकनिकी आधार पर छापामारी कर सभी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त एक काला रंग का बुलेट मोटरसाईकिल, चाकु, लूटी गयी पांच हजार रूपये नगद, दो मोबाइल फोन आदि बरामद हुआ है।
छापामारी दल में नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद, पु.अ.नि. संजय नायक,प्रमोद प्रसाद, हवलदार सरयु प्रसाद गुप्ता, आरक्षी मनोज कुमार दास शामिल थे।












