बगोदर (गिरिडीह): गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में एक कोचिंग संचालक पर छात्रा के साथ छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। गुस्साए लोगों ने आरोपी की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बगोदर थाना क्षेत्र के सरिया रोड स्थित एक कोचिंग संस्थान के संचालक एवं शिक्षक शाहिद अंसारी के खिलाफ डिग्री कॉमर्स की एक छात्रा ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। छात्रा का आरोप है कि 30 मई को शिक्षक ने उसके साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ की।
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि आरोपी उसे कोचिंग फीस माफ करने, टॉफी और अन्य उपहार देने का लालच देकर अनुचित व्यवहार करता था। छात्रा का कहना है कि वह पिछले कई दिनों से आरोपी की हरकतों से मानसिक रूप से परेशान और भयभीत थी।
शिकायत में छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी एक अन्य लड़की को कथित रूप से ब्लैकमेल कर चुका है। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग कोचिंग संस्थान पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जाता है कि आरोपी शाहिद अंसारी विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के बरायं गांव का रहने वाला है।
इस संबंध में बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि छात्रा की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।












