नगर थाना क्षेत्र के कर्बला रोड स्थित टॉवर गली निवासी अमित कुमार के बंद घर में चोरी हो गई। मंगलवार सुबह 7:00 बजे भुक्तभोगी ने इसकी जानकारी दी।यहां चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया था। चोरों ने पूरे इत्मीनान से चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान चोरों ने करीब साढ़े पांच लाख के संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार वालों ने नगर थाना को इसकी सूचना दे दी।मामले को लेकर भूक्तभोगी अमित कुमार ने बताया कि शनिवार को वे लोग शादी समारोह में शामिल होने कोडरमा गए हुए थे। मंगलवार की सुबह जब वे लोग वापस कर्बला लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला गायब था। जब वे लोग घर के अंदर पहुंचे तो वहां सामान बिखरा पड़ा था। छानबीन करने पर घर में रखे 60 हजार रूपए नगद समेत तकरीबन पांच लाख रूपए के सोने और चांदी के गहने गायब थे। चोरों ने चार कमरों का ताला खोलकर उसमें रखे आलमारी व बक्से को खंगाला है। आलमारी में रखे गहने व रूपए लेकर चोर चंपत हो गए।

बताया कि चोरों ने भागने के लिए घर के पिछले हिस्से का प्रयोग किया है। घर के पिछले हिस्से में चोरों के चप्पल भी मिले हैं। बताया कि आस पड़ोस के लोगों को चोरी की कोई भनक नहीं लगी है। किसी ने भी घर के मुख्य दरवाजे के खुले होने पर ध्यान नहीं दिया।

गौरतबल है कि कर्बला क्षेत्र में यह चोरी की लगातार तिसरी घटना है। इसके पूर्व भी दो घटनाओं में चोरों ने बंद घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया है।इस बार अमित कुमार के घर में चोरी हो गई।