गिरिडीह के डुमरी से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। एक शख्स घर से तो अपने ट्रैक्टर चालक को लेने निकला था, लेकिन लौटकर कभी वापस नहीं आया। रात के अंधेरे में ऐसा खूनी खेल खेला गया कि सुबह होते ही गांव में चीख-पुकार मच गई।
डुमरी थाना क्षेत्र के बासोकांडो गांव में बसगोड़ा निवासी बासुदेव मंडल की निर्मम ह,त्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, बासुदेव मंडल रोज की तरह अपने ट्रैक्टर चालक को लेने बासोकांडो गए थे। इसी दौरान रात करीब दो से चार बजे के बीच सुनसान जगह पर घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।
हमलावरों ने लाठी-डंडे और पत्थरों से बासुदेव मंडल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौ,त हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सुबह घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल के पास झाड़ियों से मृतक की बाइक बरामद हुई। वहीं उनका चश्मा, खून से सना पत्थर और डंडा भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल डुमरी की यह खूनी वारदात कई सवाल छोड़ गई है। आखिर किस दुश्मनी ने बासुदेव मंडल की जान ले ली? पुलिस जांच में जुटी है और अब सभी की निगाहें इस सनसनीखेज ह,त्याकांड के खुलासे पर टिकी हैं।











