गिरिडीह में साहित्य, संस्कृति और विधि जगत का अनूठा संगम देखने को मिला। “एक शाम अदब नवाज़ों के नाम” कार्यक्रम के तहत आयोजित सम्मान समारोह, मुशायरा और कवि सम्मेलन में झारखंड स्टेट बार काउंसिल के नव-निर्वाचित सदस्यों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
गिरिडीह के भंडारीडीह स्थित वरिष्ठ अधिवक्ता साजिद महमूद के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव में विजयी अधिवक्ताओं का सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में गिरिडीह बार से निर्वाचित परमेश्वर मंडल और मीरा कुमारी के अलावा रांची हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता ए.के. रशीदी तथा बोकारो बार एसोसिएशन के अधिवक्ता मृत्युंजय कुमार शामिल रहे।
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, गिरिडीह नगर निगम की मेयर प्रमिला मेहरा, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सचिव चुन्नू कांत समेत कई वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे। सम्मान समारोह के बाद आयोजित कवि सम्मेलन और मुशायरे में शायरों और कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। साहित्य प्रेमियों ने देर शाम तक शायरी और काव्य पाठ का भरपूर आनंद उठाया।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने अधिवक्ता समाज के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि वह हमेशा उनके अधिकारों और आवाज की लड़ाई में साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने हिंदी और उर्दू को भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक बताते हुए दोनों भाषाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ अधिवक्ता साजिद महमूद ने सभी अतिथियों, अधिवक्ताओं और साहित्य प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारे और साहित्यिक संस्कृति को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अधिवक्ता बाल गोविंद साहू, दशरथ प्रसाद, शिवेंद्र सिन्हा, विशाल आनंद, अमित कुमार, सुबहनील सामंता, कला सहाय, सुनीता शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सम्मान, साहित्य और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने वाला यह आयोजन देर शाम तक शायरी और कविताओं की महफिल के साथ यादगार बन गया।











