गिरिडीह, 19 अप्रैल:
झारखंड सरकार के मंत्री हाफिजुल हसन के विवादित बयान के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने आज दोपहर 12 बजे जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए डीसी ऑफिस तक आक्रोश मार्च निकाला। यह पैदल मार्च गिरिडीह स्टेडियम से शुरू होकर समाहरणालय तक पहुँचा, जहां भाजपा नेताओं ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन गिरिडीह के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा को सौंपा।

प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र राय, जमुआ विधायक मंजू कुमारी, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, जिलाध्यक्ष महादेव दुबे समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बाबूलाल मरांडी ने इस अवसर पर कहा कि मंत्री हसन का बयान संविधान विरोधी है और झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार द्वारा उनका समर्थन किया जाना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

भाजपा नेताओं ने मांग की कि मंत्री हाफिजुल हसन को अविलंब बर्खास्त किया जाए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। इस प्रदर्शन में महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे प्रदर्शन और अधिक प्रभावशाली बना।
प्रशासन की ओर से इस प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुरेश साव, कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, नुनु लाल मरांडी, चुन्नू कांत, अशोक उपाध्याय, विनय सिंह, पूर्व महापौर प्रकाश सेठ, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, प्रो. विनीता कुमारी, उषा देवी, संगीता सेठ सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।

इस विरोध प्रदर्शन ने एक बार फिर झारखंड की राजनीति में हलचल मचा दी है और राज्य सरकार पर विपक्षी दलों का दबाव बढ़ा दिया है।