गिरिडीह |
गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखरिया पंचायत के पोचरी गांव निवासी मिथुन मंडल की पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के दौरान दर्दनाक मौ,त हो गई। घटना के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिथुन मंडल गुजरात में ट्रांसमिशन लाइन से संबंधित कार्य करने वाली कंपनी स्टार लाइट में सीनियर सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। वह भुसावल से मुंबई-हावड़ा मेल ट्रेन के जरिए अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान धनबाद-गया रेलखंड स्थित पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौ,त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन सदमे में आ गए। वहीं पूरे पोचरी गांव में मातम का माहौल है। सूचना मिलने के बाद बेको पूर्वी पंचायत के पूर्व मुखिया टेकलाल चौधरी पारसनाथ स्टेशन पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
इधर, डुमरी विधायक जयराम महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी घटना का जायजा लिया। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा प्रशासन से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
ग्रामीणों के अनुसार मिथुन मंडल मेहनती, मिलनसार और जिम्मेदार व्यक्ति थे। वे अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए गुजरात में नौकरी करते थे। उनकी असामयिक मौ,त से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।












