गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जिले में करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। डीसी कार्यालय के समीप पपरवाटांड़ में बनने वाला यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग तथा खेल-कूद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पहल पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 15.10 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस बहुउद्देशीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फुटबॉल ग्राउंड, रनिंग ट्रैक, वॉलीबॉल कोर्ट, कबड्डी एवं खो-खो मैदान सहित आधुनिक मल्टीपरपस इंडोर स्पोर्ट्स हॉल का निर्माण किया जाएगा।
निविदा प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का डिजाइन तैयार हो चुका है और इसे प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल गई है। अब केवल निविदा प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। परियोजना के तहत खिलाड़ियों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण और प्रतियोगिता सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल और प्रशासनिक भवन
परिसर में बालक एवं बालिकाओं के लिए 50-50 बेड वाले अलग-अलग हॉस्टल बनाए जाएंगे। इसके साथ ही प्रशासनिक भवन और खिलाड़ियों की फिटनेस एवं प्रशिक्षण के लिए आधुनिक संसाधनों की व्यवस्था भी की जाएगी।
तीन चरणों में पूरा होगा निर्माण कार्य
जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला के अनुसार, इस परियोजना का निर्माण कार्य तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, फिटनेस और प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह
स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का कहना है कि अब तक आधुनिक खेल सुविधाओं के अभाव में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने से जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के बेहतर अवसर मिलेंगे और गिरिडीह खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
खेल प्रेमी मो. आसिफ, मो. रिजवान, नीरज कुमार, दिलीप रजक और सुरेंद्र कुमार ने इस पहल के लिए खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का आभार व्यक्त किया है।
गिरिडीह की नई पहचान बनेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स: मंत्री
खेल-कूद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि खिलाड़ियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स गिरिडीह और झारखंड के खिलाड़ियों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।












