डॉक्टर्स लेन में हुई वारदात, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गिरिडीह। नगर थाना क्षेत्र के डॉक्टर्स लेन स्थित पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी के आवास के समीप एक सूने घर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 30 हजार रुपये नकद, लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, कीमती बर्तन और अन्य सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गृहस्वामी निखिल कुमार उर्फ गोलू अपनी पत्नी के साथ शनिवार को अपने दूसरे आवास चांदोरी रोड चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने पड़े घर को निशाना बनाया। रविवार देर रात जब वे वापस लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरों के दरवाजे टूटे हुए थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित निखिल कुमार ने बताया कि चोरों ने अलमारी, बक्सा और पलंग के स्टोरेज को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए। घर में रखी गुल्लक को भी तोड़ दिया गया और उसमें जमा पैसे भी चोर अपने साथ ले गए। चोरी किये गए सामानों की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय लोगों ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर के प्रमुख और घनी आबादी वाले इलाके में इस तरह की चोरी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।











