पूरनानगर निवासी भीम कोल्ह की पत्नी प्रियंका कुमारी की मौत शनिवार को चैताडीह के सरकारी अस्पताल में प्रसव के कुछ घंटे बाद हो गई। घटना के बाद देर रात तक अस्पताल में हंगामा हुआ। अस्पताल में चिकित्सक के नदारत रहने पर परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया।

मृतक के परिजनों का कहना है कि प्रियंका को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। शनिवार को उसे प्रसव के लिए ले जाया गया। बच्चा होने के कुछ घंटे के बाद प्रियंका की तबीयत बिगड़ती गई और वह छटपटाने लगी। जब उसकी तबियत पूरी तरह से बिगड़ गई तो चिकित्सक पहुंचे लेकिन तब तक देरी हो चुकी थी और प्रियंका ने दम तोड़ दिया था। इधर सिविल सर्जन डॉ एसपी मिश्रा ने पूरे मामले की जांच करने की बात कही है।
