पचम्बा क्षेत्र के सलैया रेलवे स्टेशन में रविवार को दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक की पहचान मानिकलालो निवासी मुकेश दास के रूप में हुई है।बताया जाता है कि मुकेश दास का शव रविवार की सुबह सलैया रेलवे स्टेशन में पाया गया।शव देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई है क्योंकि सर धड़ से अलग हो गया है।
जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीण स्टेशन पहुंचें और स्टेशन के कर्मचारियों पर आरोप लगाते हुए सरकार से अविलंब कार्रवाई की मांग करने लगे।इस घटना के बावत रेलवे कर्मचारियों से पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि सवेरे जब वे लोग उठे तो रेलवे पटरी पर सर कटा हुआ शव देखा।घटना कब हुई है और कैसे हुई है उन लोगों ने इस संबंध में अनभिज्ञता जाहिर की।
इधर सिकदारडीह मुखिया प्रतिनिधि ठाकुरदास ने इस बाबत बताया कि सलैया स्टेशन में यह पहली घटना है।जिसके लिए रेलवे प्रबंधन पूरी तरह से जिम्मेदार है। कहा कि जब रेलवे ड्राइवर स्टेशन में गाड़ी की गति धीमी करते हैं तो फिर कैसे किसी की मौत ट्रेन से कटकर हो जाती है।
उन्होंने रेलवे विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रेन चलाने वाले ड्राइवर पर हत्या का मुकदमा दर्ज करना चाहिए।
बहरहाल घटना की सूचना मिलने के बाद पचम्बा थाना पुलिस सलैया रेलवे स्टेशन पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।










