गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में रविवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। सरिया थाना क्षेत्र के निमाटांड़ गांव के पास एक वैगनआर कार आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से टकराकर फंस गई। इसके बाद ट्रेलर कार को करीब छह किलोमीटर तक घसीटता हुआ बिरनी थाना क्षेत्र के मंझिलाडीह गांव तक ले गया। हादसे में कार चालक महेश यादव (45) की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
निमाटांड़ से मंझिलाडीह तक कार को घसीटता रहा ट्रेलर
जानकारी के अनुसार, सरिया थाना क्षेत्र के केशवारी निवासी महेश यादव, भुवनेश्वर यादव और बंशी यादव कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रविवार रात करीब आठ बजे निमाटांड़ गांव के पास उनकी वैगनआर कार आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई।
बताया जाता है कि ट्रेलर चालक कार को घसीटते हुए करीब छह किलोमीटर दूर मंझिलाडीह गांव तक ले आया। वहां पहुंचने के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।
हथौड़े से तोड़ा गया कार का दरवाजा
हादसे की सूचना मिलने पर बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज और सरिया थाना प्रभारी पिंकू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि वैगनआर कार ट्रेलर में बुरी तरह फंसी हुई थी और उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे।
इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से हथौड़े से कार का दरवाजा तोड़वाया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक कार चालक महेश यादव की मौत हो चुकी थी। वहीं, घायल भुवनेश्वर यादव और बंशी यादव को बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा गया।
जेसीबी की मदद से कार को ट्रेलर से किया गया अलग
टक्कर के बाद कार ट्रेलर में इतनी बुरी तरह फंस गई थी कि उसे अलग करना आसान नहीं था। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन मंगाई गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार को ट्रेलर से अलग किया गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने बताया कि हादसे में मृतक और दोनों घायलों की पहचान कर ली गई है। कार ट्रेलर में फंस गई थी, जिसे चालक करीब छह किलोमीटर तक घसीटते हुए मंझिलाडीह गांव तक ले आया। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश में कार्रवाई की जा रही है।





