मंत्री सुदिव्य कुमार शुक्रवार सुबह गिरिडीह हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना हुए। वे प्रगति मैदान में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2025 में झारखंड पवेलियन के भव्य उद्घाटन में शामिल होंगे। यह आयोजन हर वर्ष देश और दुनिया के बीच व्यापार और संस्कृति को जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच माना जाता है।
ट्रेड फेयर में इस बार झारखंड की कला, संस्कृति, उद्योग, खनिज संपदा, हस्तशिल्प और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए नवाचारों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। झारखंड पवेलियन को विशेष रूप से आकर्षक और आधुनिक थीम के साथ तैयार किया गया है, जिससे दर्शकों और निवेशकों का ध्यान खींचा जा सके।
दिल्ली रवाना होने से पहले मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम झारखंड के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि इससे राज्य की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मेले में देश-विदेश के प्रतिनिधियों के सामने राज्य की विकास योजनाओं और निवेश की संभावनाओं को प्रभावी ढंग से रखा जाएगा, जिससे भविष्य में रोजगार और निवेश के नए अवसर बढ़ेंगे।











