सर्कस मैदान से शुरू हुआ जुलूस, शहर भर में गूंजे जयकारे
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत के बाद गिरिडीह में खुशी की लहर दौड़ गई। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सर्कस मैदान से भव्य विजय जुलूस निकाला। इस जुलूस में सैकड़ों की संख्या में भाजपाई शामिल हुए, जिन्होंने पूरे जोश और उत्साह के साथ जीत का जश्न मनाया।
जुलूस सर्कस मैदान से शुरू होकर झंडा मैदान, टावर चौक होते हुए अंत में बड़ा चौक पहुंचा। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे फोड़े, नारे लगाए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी बांटी। माहौल पूरी तरह उत्सवमय था।
एनडीए की जीत सुशासन और विकास की जीत : भाजपा नेता
जुलूस के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर एनडीए गठबंधन पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि यह जीत सुशासन, जनकल्याण, विकास और सामाजिक न्याय की जीत है। नेताओं ने बिहारवासियों को इस समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि अब राज्य में एनडीए की सरकार तेज रफ्तार से विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी।
नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि उनका भरोसा और मार्गदर्शन ही इस बड़ी जीत की वजह है।
जुलूस में बड़ी संख्या में नेता रहे शामिल
विजय जुलूस में शामिल प्रमुख नेताओं में जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, दिलीप वर्मा, सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, चुन्नू कांत, कामेश्वर पासवान, विनय सिंह, संजीव कुमार, नवीन सिन्हा, सुभाष चंद्र सिंह, संदीप देगाईच, संजीत सिंह पप्पू, मनोज शंघाई, अजय रंजन सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
गिरिडीह में रात तक चलता रहा जश्न
एनडीए की जीत से उत्साहित कार्यकर्ता रात देर तक जश्न मनाते रहे। पूरे शहर में जीत का माहौल और भाजपा समर्थकों में नई ऊर्जा देखने को मिली।











